#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आगाज, खिलाड़ियों के लिए तैयार होगा नया रोडमैप

Advertisement Carousel

 

० उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया शुभारंभ, नई खेल नीति और मजबूत खेल अधोसंरचना पर विशेषज्ञों ने किया मंथन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेलों को नई दिशा देने की पहल के तहत मंगलवार को पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित इस कॉन्क्लेव का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने किया। कार्यक्रम में देशभर के खेल प्रशासकों, विशेषज्ञों, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

कॉन्क्लेव में राज्य में खेल प्रतिभाओं की पहचान, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने तथा खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विभिन्न सत्रों में विस्तृत चर्चा की गई।

‘समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़’ में खेलों की अहम भूमिका

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही मौजूदा खेल अधोसंरचनाओं का बेहतर उपयोग और उनके प्रभावी संचालन पर भी विशेष जोर दिया।

उन्होंने बताया कि कॉन्क्लेव में विशेषज्ञों की चर्चा से निकलने वाले सुझावों को राज्य में खेल सुविधाओं के विकास और खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य के लिए लागू किया जाएगा। सभी जिलों में खेल संघों के सुदृढ़ गठन, नियमित गतिविधियों और पारदर्शी कार्यप्रणाली पर भी उन्होंने बल दिया।

नई खेल नीति में शामिल होंगे सुझाव

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने कहा कि कॉन्क्लेव से प्राप्त सुझावों को राज्य की नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से खेल अधोसंरचना से जुड़े निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।

खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजन राज्य के खिलाड़ियों के लिए बड़े अवसर साबित हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पहली बार आयोजित यह स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने के लिए प्रभावी रोडमैप तैयार करेगा।

कॉन्क्लेव में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, ओलंपियन जिन्शन जॉनसन, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, सभी जिलों के खेल अधिकारी, प्रशिक्षक, पदक विजेता खिलाड़ी और विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।