Korba News: खेल-खेल में चली गई 10 साल की मासूम की जान, गमछे से दम घुटने पर हुई दर्दनाक मौत

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में खेलते समय 10 वर्षीय बच्ची की गमछे से दम घुटने के कारण मौत हो गई। परिजन गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
छोटे भाई के साथ खेल रही थी मासूम
जानकारी के अनुसार, रोमा राज (10 वर्ष) मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी। वर्तमान में उसका परिवार बालको के सतनाम नगर में रहता है। रोमा कक्षा तीसरी की छात्रा थी और घटना के समय घर में अपने छोटे भाई के साथ खेल रही थी।
परिजनों के मुताबिक, खेल-खेल में उसने गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर डालने की कोशिश की। बताया गया कि वह पहले भी छोटे भाई को हंसाने के लिए इसी तरह का मजाक किया करती थी।
अचानक गले में कस गया गमछा
इस बार खेल के दौरान गमछा अचानक उसके गले में कस गया, जिससे उसका दम घुटने लगा। जब तक परिजनों की नजर उस पर पड़ी और वे उसे बचाने पहुंचे, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।




