Close

CWG : 16 साल बाद भारत ने हॉकी में जीता मेडल, डांस के साथ टीम की छलकी खुशियां

समवेत सृजन डेस्क। बर्मिंघम में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन उमदा है। लगातार मेडल जीते जा रहे हैं। रविवार को भी भारतीय खिलाड़ियों को बड़ी कामयाबी मिली है। CWG 2022 में महिला हॉकी टीम ने मैच जीता है।

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम ने 16 साल बाद मेडल जीता है। इससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स 2006 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने सिल्वर मेडल जीता था। भारतीय महिला टीम ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में न्यूजीलैंड को पेनल्टी शूटआउट में 2-1 से हरा कर मेडल पर कब्जा किया।

इस जीत के उत्साह में भारतीय महिला हॉकी टीम ने जम कर डांस किया। सोशल मीडिया पर हो रहे वायरल वीडियो में भारतीय महिला हॉकी टीम डांस कर अपनी खुशी का इजहार किया, जश्न मनाया। साल 1997 में आई फिल्म दस के गाने ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’ के गाने पर भारतीय महिला हॉकी टीम डांस करती हुई नजर आईं।

मैच के बारे में बता दें कि भारतीय टीम मैच के अंतिम समय में 1-0 से आगे चल रही थीं, लेकिन आखिरी के 30 सेकेंड से भी कम समय में उसने विरोधी टीम को पेनल्टी कॉर्नर दे दिया, जो पेनल्टी स्ट्रोक में बदला और ओलीविया मेरी ने गुल दाग कर न्यूजीलैंड को बराबरी पर दिला दी, जिसके बाद मुकाबला शूट आउट पर चला गया। पेनल्टी शूटआउट में महिला टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 2-1 से हरा दिया।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के दसवां दिन जहां भारत को क्रिकेट में मेडल की उम्मीद है, तो हॉकी में ब्रॉन्ज मेडल मिल गया है। बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय एथलीटों का जलवा भी बरकरार है। मेडल टैली में अभी 5वें नंबर पर है। भारत को अभी तक कुल 16 गोल्ड 12 सिल्वर और 18 ब्रॉन्ज मेडल मिल चुके हैं।

scroll to top