#crime #प्रदेश

बिलासपुर बाल सुधार गृह में 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

Advertisement Carousel

 

बिलासपुर। सरकंडा स्थित बाल सुधार गृह में दुष्कर्म के मामले में लाए गए 18 वर्षीय शुभम अगरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद बाल सुधार गृह की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है।

जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ क्षेत्र के किरमिडांड गांव निवासी शुभम अगरिया को 15 अगस्त को बिलासपुर बाल सुधार गृह लाया गया था। इसके कुछ ही दिनों बाद उसकी मौत की खबर सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की है। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।

पहले भी हो चुकी है बड़ी घटना

बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी गंभीर सवाल उठ चुके हैं। इससे पहले चार बंदियों ने एक कर्मचारी की हत्या कर फरार होने की घटना को अंजाम दिया था। बाद में पुलिस ने चारों को पकड़ लिया था।

उस घटना के बाद सुरक्षा और बंदियों की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। अब 18 वर्षीय शुभम की संदिग्ध मौत के बाद एक बार फिर बाल सुधार गृह की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।