Weather Update: पहाड़ों पर बारिश और भूस्खलन से हाहाकार, उत्तराखंड में 2 की मौत; MP में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में भूस्खलन, बादल फटने और नदियों के उफान से सड़कें बाधित हैं। वहीं राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
उत्तराखंड के कोटद्वार में मकान ढहा, दो की मौत
उत्तराखंड के कोटद्वार में भारी बारिश के दौरान पहाड़ से आए मलबे की चपेट में एक मकान आ गया। हादसे में दो वर्षीय बच्चे और एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। एक पुरुष के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है, जिसकी तलाश जारी है। वहीं एक महिला को सुरक्षित बचा लिया गया।
देहरादून में स्वारना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से ट्रेकिंग पर गए यूपीईएस यूनिवर्सिटी के छह छात्र नदी के बीच फंस गए। एसडीआरएफ की टीम करीब छह किलोमीटर का मुश्किल रास्ता तय कर मौके पर पहुंची और रस्सियों की मदद से सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हिमाचल में बादल फटा, सड़कें बहीं
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में भारी बारिश के कारण चूना पत्थर की एक खदान ढह गई, जिसमें तीन मजदूरों के दबने की सूचना है। वहीं लाहौल-स्पीति में तीन स्थानों पर बादल फटने से कई सड़कें बह गईं। इससे नीलकंठ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं और किसानों के वाहन फंस गए हैं।
सिरमौर के संगड़ाह में एक स्कूल की छत का प्लास्टर गिरने से कक्षा में पढ़ रही एक बच्ची घायल हो गई। उसके सिर में गंभीर चोट लगी और अस्पताल में 11 टांके लगाए गए।
केदारनाथ मार्ग पर हादसा, महिला की मौत
केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से दिल्ली की अंजली की मौके पर मौत हो गई, जबकि कर्नाटक के शिदप्पा घायल हुए हैं।
लगातार बारिश के कारण देवाल-लोहाजंग हाईवे दूसरे दिन और हाटकल्याणी-सवाड़ मार्ग चौथे दिन भी बंद रहा। हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा को पार कर गया है।
चमोली टनल हादसे में मृतकों की संख्या 10
चमोली जिले में टीएचडीसी की पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की टनल से मंगलवार को दो और शव बरामद किए गए। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या 10 हो गई है।
13 अगस्त की शाम हुए भूस्खलन के बाद 22 श्रमिक टनल में फंस गए थे। करीब 117 घंटे चले बचाव अभियान के बाद सभी लापता श्रमिकों को बाहर निकाला गया। इनमें से 12 श्रमिकों को सुरक्षित बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जम्मू-कश्मीर में भी ऑरेंज अलर्ट
जम्मू-कश्मीर के शोपियां, कुपवाड़ा समेत ऊपरी इलाकों में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने जम्मू संभाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कश्मीर में 19 से 21 अगस्त तक येलो अलर्ट रहेगा।
तमक नाले में 10 अगस्त को आई आपदा के बाद बीआरओ के हवलदार पंकज की तलाश अभी भी जारी है। बचाव दल उनकी तलाश में अत्याधुनिक रडार तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है।
MP में 8 इंच तक बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में सक्रिय मौसम प्रणाली के चलते टीकमगढ़, पन्ना और नरसिंहपुर में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे में इन जिलों में 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
जबलपुर समेत 12 जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 19 अगस्त को विंध्य, बुंदेलखंड और महाकौशल में मौसम प्रणाली का सबसे ज्यादा असर रह सकता है। 20 से 24 अगस्त के बीच बारिश का प्रभाव धीरे-धीरे मध्य और पश्चिमी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ सकता है।
राजस्थान में भी बारिश का दौर जारी
राजस्थान में बुधवार को जयपुर समेत 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। 20 से 23 अगस्त के बीच जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है।
लगातार बारिश के बीच पहाड़ी राज्यों में प्रशासन और राहत एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। लोगों से नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और बंद सड़कों से दूर रहने की अपील की जा रही है।




