#प्रदेश

Kolkata Hotel Fire: कोलकाता के होटल में भीषण आग, 9 लोगों की मौत; 6 घायल, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

Advertisement Carousel

 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में हुआ।

पुलिस के मुताबिक, आग रात करीब 1:45 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों ने भी राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

धुएं से भरा होटल, रेस्क्यू में आई मुश्किल

आग के बाद होटल की ऊपरी मंजिलों में घना धुआं भर गया। इसके कारण दमकलकर्मियों को सीढ़ियों के जरिए ऊपर पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि की है। अधिकारियों ने मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है और फिलहाल इमारत को ठंडा करने का काम जारी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

दमकल मुख्यालय के पास हुआ हादसा

हादसे की खास बात यह है कि पश्चिम बंगाल अग्निशमन विभाग का मुख्यालय होटल के पास ही स्थित है। इसके बावजूद होटल में आग लगने के बाद बचाव अभियान में धुएं के कारण काफी दिक्कतें आईं।

दो दिन में दूसरा बड़ा होटल अग्निकांड

पश्चिम बंगाल में महज दो दिनों के भीतर होटल में आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले सोमवार तड़के बीरभूम जिले के तारापीठ में एक होटल में भीषण आग लगी थी, जिसमें 9 लोगों की मौत हुई थी।

तारापीठ हादसे में मेघालय के एक ही परिवार के पांच सदस्य भी जान गंवा बैठे थे। चार मंजिला होटल में आग भूतल पर लगी थी और उस समय अधिकांश मेहमान सो रहे थे। घना धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने के कारण कई लोग कमरों में फंस गए थे।

होटल में उस समय कुल 43 लोग ठहरे हुए थे। पुलिस ने होटल मालिक कल्याण पाल समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में संभावित खामियों की जांच की जा रही है।