छत्तीसगढ़ में ED का बड़ा एक्शन : दुर्ग-धमतरी समेत कई ठिकानों पर छापेमारी, रियल एस्टेट कारोबारियों के यहां भी पहुंची टीम

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। सजल जैन और विश्वास गुप्ता के निवास और दुकानों पर ED की टीम जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए CRPF के जवान भी तैनात किए गए हैं।
तीन गाड़ियों में पहुंची ED की टीम
जानकारी के मुताबिक ED की टीम दुर्ग के जैन गली स्थित ठिकाने पर पहुंची। करीब तीन गाड़ियों में पहुंची टीम में 12 से अधिक अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। टीम द्वारा घर और दुकानों में दस्तावेजों समेत अन्य रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े इनपुट के बाद कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े दस्तावेजों और जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर ED की कार्रवाई रियल एस्टेट कारोबारियों तक पहुंची है। हालांकि, कार्रवाई को लेकर ED की ओर से फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
छत्तीसगढ़ में कई ठिकानों पर ED की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार ED ने रामगोपाल अग्रवाल, जीडी लॉजिस्टिक के संचालक और डॉक्टर कमलेश्वर अग्रवाल के भाई अनूप अग्रवाल के रविनगर स्थित घर-दफ्तर समेत कई ठिकानों पर भी कार्रवाई की है।
वहीं, रामगोपाल अग्रवाल के भतीजे प्रतीक अग्रवाल के धमतरी स्थित आवास पर भी ED की टीम पहुंची है। फिलहाल सभी ठिकानों पर जांच जारी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच में क्या दस्तावेज या अन्य अहम जानकारी सामने आई है।





