Bihar News : सिंहेश्वर मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर मची अफरातफरी, टूटी बैरिकेडिंग; कई श्रद्धालु घायल

मधेपुरा। सावन की अंतिम सोमवारी पर मधेपुरा के प्रसिद्ध सिंहेश्वर मंदिर में सोमवार सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अफरातफरी मच गई। जलाभिषेक के लिए अचानक बढ़ी भीड़ के दबाव में धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते कतार टूट गई। इस दौरान प्रशासन की बैरिकेडिंग भी टूट गई और करीब आधा दर्जन श्रद्धालु गिरकर घायल हो गए।
भीड़ को नियंत्रित करने में जुटा एक पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गया। बताया गया कि भीड़ के दबाव में उसकी वर्दी तक फट गई। सभी घायलों को तत्काल जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
सुबह 8 बजे के बाद बिगड़ी स्थिति
रविवार रात करीब 1 बजे सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद मंदिर का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया था। इसके बाद रात से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। सुबह करीब 8 बजे के बाद भीड़ अचानक बढ़ गई और कतार में धक्का-मुक्की होने लगी।
बैरिकेडिंग टूटी, मची भगदड़ जैसी स्थिति
भीड़ के लगातार बढ़ते दबाव के कारण बैरिकेडिंग टूट गई। कतार बिखरने के बाद श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई। कई लोग गिर पड़े, जिससे करीब आधा दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला।
DM-SP समेत बड़े अधिकारी पहुंचे
स्थिति की सूचना मिलते ही मधेपुरा डीएम, एसपी, एसडीएम और एसडीपीओ समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर भीड़ को नियंत्रित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को दोबारा कतार में लगाकर जलाभिषेक की व्यवस्था बहाल की गई।
प्रशासन और मंदिर न्यास समिति ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। घायलों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है और प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।




