नागपुर में क्लोरीन गैस लीक से मचा हड़कंप: जलशोधन संयंत्र में फंसे लोगों को निकाला, करीब 20 अस्पताल में भर्ती

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर के गोधनी इलाके में महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के जलशोधन संयंत्र में क्लोरीन गैस लीक होने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, NDRF और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
गैस की चपेट में आने से कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत
गैस के संपर्क में आने के बाद कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब 20 लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है और किसी की मौत या गंभीर जनहानि की सूचना नहीं है।
पुलिस के बाद फायर टीम और NDRF ने संभाला मोर्चा
NDRF जवान विजय के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस सबसे पहले मौके पर पहुंची और संयंत्र में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद इलाके में बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी गई। फायर विभाग की टीम ने ऑपरेशन शुरू किया और बाद में NDRF समेत अन्य टीमें भी बचाव अभियान में शामिल हो गईं।
2-3 दिन तक सील रह सकता है परिसर
सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर को फिलहाल सील कर दिया गया है। NDRF के मुताबिक, मौके पर कुछ मटीरियल अभी भी पड़ा हुआ है और गैस की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सावधानी बेहद जरूरी है। परिसर को अगले दो-तीन दिनों तक सील रखना बेहतर होगा, ताकि स्थिति की पूरी तरह जांच की जा सके और किसी तरह का खतरा न रहे।




