#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, कई जिलों में बारिश का अलर्ट; बड़े बचेली में 17 सेमी बरसा पानी

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक यह सिस्टम अगले 24 घंटे तक सक्रिय रह सकता है। मंगलवार को सरगुजा को छोड़कर लगभग सभी संभागों के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य के करीब है और सामान्य से करीब 2 प्रतिशत का अंतर दर्ज किया गया है।

पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ेगा सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार 25 अगस्त को झारखंड और आसपास बना निम्न दबाव क्षेत्र अभी भी सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह सिस्टम ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका है और अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

रायपुर में बादल छाए रहेंगे, गरज-चमक के साथ हो सकती है बारिश

राजधानी रायपुर में बुधवार को मौसम सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

इन जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार सुबह 7 बजे से अगले तीन घंटे के लिए कई जिलों में बारिश, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बड़े बचेली में 17 सेमी बारिश, कई इलाकों में जमकर बरसे बादल

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। बड़े बचेली में सर्वाधिक 17 सेमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा ओडगी में 12 सेमी, राजिम में 11 सेमी और कुटरू, गोबरा नवापारा तथा मस्तूरी में 10-10 सेमी बारिश हुई।

गंगालूर, भोपालपट्टनम और बीजापुर में 9-9 सेमी, जबकि बिहारपुर, मंदिर हसौद, अकलतरा और कोरबा में 8-8 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

भैसमा, करतला, उसूर, माना-रायपुर एपी, भैरमगढ़, बोदरी, कुरूद और महासमुंद में 7-7 सेमी बारिश हुई। वहीं तमनार, रायपुर शहर, आरंग, लैलूंगा, छिंदगढ़, बलौदा बाजार, लाभांडी, बलौदा, खरोरा और सुकमा में 6-6 सेमी वर्षा दर्ज की गई।

दुर्ग सबसे गर्म, पेंड्रारोड सबसे ठंडा

मंगलवार को प्रदेश में दुर्ग का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ समय तक प्रदेश में बादल और बारिश का प्रभाव बना रह सकता है।

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, कई जिलों में बारिश का अलर्ट; बड़े बचेली में 17 सेमी बरसा पानी

आज का राशिफल 26 august : 12