#प्रदेश

CG Weather: छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, 1 सितंबर तक सक्रिय रहेगा मानसून,12 जिलों में यलो अलर्ट

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन बारिश का आंकड़ा अब सामान्य के बेहद करीब पहुंच गया है। 26 अगस्त तक प्रदेश में 863.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 882.4 मिमी होती है। यानी प्रदेश में सामान्य से महज 2 फीसदी कम बारिश हुई है।

 

मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। रायगढ़, बिलासपुर, नारायणपुर, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलरामपुर, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी और कोरिया में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।वहीं राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

शुक्रवार से कमजोर पड़ेगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हैं, जिसके चलते कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। हालांकि शुक्रवार से मानसूनी गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इसके बाद बारिश की तीव्रता घट सकती है।

अब तक हुई अच्छी बारिश से प्रदेश में बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो चुकी है। आने वाले दिनों में यदि बारिश का दौर जारी रहता है तो प्रदेश में सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा होने की संभावना है।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी स्थानीय मौसम परिस्थितियों के अनुसार बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को बारिश और गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।