Mahasamund News: पुलिस को देखते ही गांजे की बोरियों में लगाई आग, जंगल में भागे तस्कर; 28 किलो से ज्यादा गांजा जब्त

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ओडिशा के बलांगीर से गांजा लेकर मध्यप्रदेश जा रहे तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए कार में रखी गांजे की बोरियों में आग लगा दी और जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
नाकेबंदी देखकर कार मोड़ी, तेज रफ्तार से भागे
जानकारी के अनुसार, अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी की सूचना पर बसना पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने नाकेबंदी की थी। इसी दौरान काले रंग की वैगनआर कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही कार सवारों ने वाहन मोड़ दिया और विपरीत दिशा में तेज रफ्तार से भागने लगे।
पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने कार का पीछा किया। ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर जाने वाले रास्ते पर तस्करों ने कार रोक दी। इसके बाद पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने कार में रखी गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी और मौके से भागने लगे।
कार की डिक्की से मिलीं अधजली गांजे की बोरियां
पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल की ओर भाग निकला। इस दौरान ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने कार का सामने का शीशा तोड़कर अंदर लगी आग बुझाई।
कार की डिक्की की तलाशी लेने पर तीन अधजली प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं। इनमें कुल 28.465 किलो गांजा मिला। जब्त गांजे की कीमत करीब 14 लाख 23 हजार 250 रुपये आंकी गई है।
ओडिशा से गांजा खरीदकर शहडोल ले जा रहे थे
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से गांजा खरीदा था। इसके बाद वे अपने साथी शिवा सिंह के साथ गांजा लेकर शहडोल, मध्यप्रदेश जा रहे थे।
रास्ते में पुलिस की नाकेबंदी देखकर उन्हें पकड़े जाने का डर हुआ। इसके बाद आरोपियों ने कार वापस मोड़ी और सबूत मिटाने के इरादे से गांजे की बोरियों में आग लगा दी।
दो गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी:
सुलभ सिंह परिहार (29), निवासी छोटी घोरहटी, थाना नागौद, जिला सतना, मध्यप्रदेश
सागर कुशवाहा (25), निवासी कोनी टोला, थाना नागौद, जिला सतना, मध्यप्रदेश
फरार आरोपी:
शिवा सिंह, निवासी शहडोल, मध्यप्रदेश





