Odisha Visit: CM विष्णुदेव साय ने पत्नी संग किए भगवान लिंगराज के दर्शन, प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मांगी कामना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को भुवनेश्वर प्रवास के दौरान प्रसिद्ध भगवान लिंगराज मंदिर पहुंचकर सपत्नीक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान लिंगराज से छत्तीसगढ़ के नागरिकों के सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
लिंगराज मंदिर की दिव्यता से अभिभूत हुए CM साय
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान लिंगराज की पावन भूमि पर आने और उनके दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मंदिर परिसर का आध्यात्मिक वातावरण मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। उन्होंने भगवान लिंगराज से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।
बोले- प्राचीन मंदिर हमारी समृद्ध विरासत के प्रतीक
मुख्यमंत्री ने लिंगराज मंदिर की भव्य स्थापत्य कला की सराहना करते हुए कहा कि भारत के प्राचीन मंदिर केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि हजारों वर्षों पुरानी सभ्यता, संस्कृति और शिल्प परंपरा के जीवंत प्रतीक भी हैं। लिंगराज मंदिर की भव्यता और उत्कृष्ट वास्तुकला सनातन संस्कृति की समृद्ध विरासत और अद्भुत स्थापत्य कौशल को दर्शाती है।
छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंध
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ पड़ोसी राज्य होने के साथ-साथ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं। दोनों राज्यों की लोक परंपराओं, आस्था और सांस्कृतिक विरासत में कई समानताएं देखने को मिलती हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की यात्राएं दोनों राज्यों की साझा सांस्कृतिक चेतना और आपसी आत्मीय संबंधों को और मजबूत करने का अवसर देती हैं।





