#प्रदेश

Raipur Ganesh Visarjan: झांकी से पहले डीजे-धुमाल पर विवाद, व्यापारियों ने जताई आपत्ति; प्रशासन से की रूट बदलने की मांग

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन की झांकी 27 सितंबर को निकाली जाएगी। झांकी का निर्धारित मार्ग जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, सदर बाजार और सत्ती बाजार से होकर गुजरता है। झांकी के दौरान डीजे और धुमाल बजाए जाने को लेकर अब स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने आपत्ति जताई है। इसे लेकर कुछ स्थानों पर पोस्टर भी लगाए गए हैं, जिनमें डीजे-धुमाल पर रोक की मांग की गई है।

पोस्टर लगाकर दी गई चेतावनी

झांकी मार्ग के आसपास लगाए गए पोस्टरों में कहा गया है कि शक्ति बाजार और आसपास के चौक क्षेत्र में सभी प्रकार के डीजे और धुमाल प्रतिबंधित रहेंगे। पोस्टर में यह भी चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति, समिति या आयोजक के खिलाफ बीएनएस की धारा 270 के तहत कार्रवाई की जाएगी और इसे सार्वजनिक उपद्रव माना जाएगा।

कलेक्टर और कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

व्यापारियों का कहना है कि झांकी के रूट और तेज आवाज को लेकर उन्होंने पिछले दिनों रायपुर कलेक्टर और नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा था। व्यापारियों के मुताबिक, अभी तक इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है।

सराफा व्यापारी हरख मालू ने कहा कि गणेश झांकी धार्मिक आस्था का विषय है और व्यापारी आस्था के खिलाफ नहीं हैं। उनका कहना है कि शहर की आबादी और यातायात लगातार बढ़ रहा है, जबकि झांकी के लिए तय किए गए कुछ मार्ग काफी संकरे हैं।

उन्होंने सुझाव दिया कि झांकी को मालवीय रोड से सीधे बूढ़ा तालाब की ओर डायवर्ट किया जा सकता है। उनके मुताबिक, जिन स्थानों पर पंडाल लगाकर झांकी का स्वागत किया जाता है, वहां के बजाय वैकल्पिक मार्ग पर भी स्वागत की व्यवस्था की जा सकती है।

तेज आवाज को लेकर भी जताई चिंता

सराफा व्यापारी परमित त्यागी ने डीजे और धुमाल की तेज आवाज को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई बार बहुत अधिक वॉल्यूम पर साउंड बजाया जाता है, जिससे बुजुर्गों और अन्य लोगों को परेशानी होती है।

उन्होंने कहा कि शहर की आबादी बढ़ रही है और प्रमुख बाजारों में जगह सीमित है। ऐसे में प्रशासन को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे धार्मिक आयोजन भी व्यवस्थित तरीके से हों और आम लोगों व व्यापारियों को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन के फैसले पर नजर

गणेश विसर्जन झांकी को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों की आपत्तियों के बीच अब सभी की नजर प्रशासन की व्यवस्था और अंतिम निर्णय पर है। व्यापारियों ने मांग की है कि झांकी के रूट, यातायात और ध्वनि व्यवस्था को लेकर पहले से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।