Close

नामांकन के आखिरी दिन ट्विस्ट, कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में खड़गे की एंट्री

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन की आखिरी तारीख है। अभी तक कांग्रेस के किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं भरा है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और केरल से सांसद शशि थरूर के आज नामांकन भरने की संभावना है। इनके अलावा मुकुल वासनिक, मल्लिकार्जुन खड़गे और कुमारी शैलजा भी नामांकन दाखिल कर सकती हैं।

नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 8 अक्तूबर है। कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के बीच  G-23 ग्रुप भी सक्रिय हो गया है। खबर है कि G-23 ग्रुप अलग से अपना प्रत्याशी उतार सकता है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे की एंट्री के बाद सुगबुगाहट शुरू हो गई है कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के कहने पर वे आगे आए हैं। दरअसल गुरुवार को कांग्रेस में बैठकों का दौर जारी रहा।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी गुरुवार को सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। खड़गे 8 बार विधायक, दो बार लोकसभा सांसद और एक बार राज्यसभा सांसद रहे हैं। वे सिर्फ 2019 में लोकसभा चुनाव हारे हैं। खड़गे दलित नेता हैं। वे कर्नाटक के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। बता दें कि इससे पहले गुरुवार को अशोक गहलोत ने कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था।

scroll to top