#खेल

Asian Games Cricket: श्रीलंका को 124 रन से रौंदकर फाइनल में भारत, गोल्ड के लिए पाकिस्तान से होगा महामुकाबला

Advertisement Carousel

स्पोर्ट्स डेस्क। एशियाड के सेमीफाइनल में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ धमाकेदार जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली है। भारत ने श्रीलंका को 124 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम महज 9.5 ओवर में 45 रन पर ढेर हो गई। अब 3 अक्टूबर को स्वर्ण पदक के लिए भारत का मुकाबला साहिबजादा फरहान की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम से होगा।

भारत की श्रीलंका पर सबसे बड़ी जीत

124 रन की यह जीत रनों के अंतर से श्रीलंका के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने 2017 में कटक में श्रीलंका को 93 रन से हराया था।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियाड में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीत चुकी है। अब पुरुष टीम भी लगातार दूसरी बार गोल्ड पर कब्जा करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। हांगझोउ एशियाड 2023 में ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में भारत ने स्वर्ण पदक जीता था।

दो बिहारियों ने मचाया धमाल

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी ने शानदार पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

वैभव सूर्यवंशी ने महज 21 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 38 रन बनाए। वहीं ईशान किशन ने 46 गेंदों पर 4 चौके और 5 छक्के जड़ते हुए नाबाद 80 रन की पारी खेली।

कप्तान श्रेयस अय्यर ने 13 रन बनाए। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन 7-7 रन, अक्षर पटेल 8 रन, तिलक वर्मा 2 रन और शिवम दुबे 3 रन बनाकर आउट हुए। वॉशिंगटन सुंदर 7 रन बनाकर नाबाद रहे।

श्रीलंका की ओर से थारिंदु रत्नायके और कप्तान सहान अराचिगे ने 2-2 विकेट लिए, जबकि वानुजा सहान, लसिथ क्रूसपूले और नुवानिदु फर्नांडो को 1-1 सफलता मिली।

श्रीलंका की पारी 45 रन पर सिमटी

170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। टीम के छह बल्लेबाज अपना खाता तक नहीं खोल सके। नुवानिदु फर्नांडो 15 रन बनाकर टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

सिनेथ जयवर्धने, लसिथ क्रूसपूले, सोहन डी लिवेरा, अशेन बंडारा और बिनुरा फर्नांडो बिना खाता खोले आउट हुए। कप्तान सहान अराचिगे ने 9, चमिका करुणारत्ने ने 4, वानुजा सहान ने 1 और थारिंदु रत्नायके ने 5 रन बनाए।

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने 2-2 विकेट लिए। वॉशिंगटन सुंदर को 1 विकेट मिला, जबकि श्रीलंका के तीन बल्लेबाज रन आउट हुए। पूरी टीम 9.5 ओवर में 45 रन पर सिमट गई।

पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में बनाई जगह

पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। बारिश के कारण मुकाबला 13-13 ओवर का कर दिया गया था। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 111 रन बनाए।

पाकिस्तान ने 112 रन का लक्ष्य 11.3 ओवर में हासिल कर लिया। हसन नवाज ने 22 गेंदों में 27 रन और अब्दुल समद ने 15 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाए। दोनों ने 32 गेंदों में नाबाद 59 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान को जीत दिलाई।

3 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान गोल्ड मेडल मुकाबला

अब एशियाड के स्वर्ण पदक के लिए भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। 3 अक्टूबर को होने वाला यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण होगा। भारत की नजर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने पर होगी।