#प्रदेश

Sukma News: जंगल में मवेशी चराने गए दो ग्रामीणों पर भालू का हमला, दोनों घायल; इलाके में दहशत

Advertisement Carousel

 

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में जंगल में मवेशी चराने गए दो ग्रामीणों पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। घटना में दोनों ग्रामीण घायल हो गए। हमले के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

अचानक सामने आया भालू, दोनों पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, घटना पालामडगू गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर जंगल में दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। पालामडगू के पटेलपारा निवासी पोडीयाम मुड़ा (30) और कवासी हिड़मा (करीब 50) जंगल में मवेशी चरा रहे थे।

इसी दौरान अचानक उनके सामने भालू आ गया। दोनों ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए।

ग्रामीणों में फैली दहशत

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। जंगल की ओर जाने वाले ग्रामीणों में भी भालू के हमले को लेकर चिंता बढ़ गई है।दोनों घायल पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के पालामडगू गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई है। वन विभाग की ओर से क्षेत्र की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।