Gandhi Jayanti: सीएम साय ने गांधी और शास्त्री को किया नमन, बोले- सत्य, अहिंसा और सादगी के आदर्श देते रहेंगे राष्ट्रसेवा की प्रेरणा

रायपुर। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके विचारों को जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणादायी बताया।
सीएम साय ने गांधी के विचारों को किया याद
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलते हुए दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। उनके विचारों में समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और आत्मनिर्भरता की भावना निहित थी। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन सत्य के मार्ग पर अडिग रहते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्व निभाने की प्रेरणा देता है।
लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को किया याद
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का दिया ‘जय जवान-जय किसान’ का मंत्र देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों और किसानों के योगदान को रेखांकित करता है।
राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।





