#प्रदेश

ग्लोबल इन्वेस्टमेंट मैप पर छत्तीसगढ़ की नई पहचान की तैयारी, CM विष्णुदेव साय पहुंचे सिंगापुर

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और अहम कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर पहुंच गए हैं, जहां वे SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

SING फोरम में छत्तीसगढ़ की संभावनाओं की होगी प्रस्तुति

भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने प्रथम SING फोरम 2026 में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को अपनी उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय फोरम में राज्य की ओर से सहभागिता करेंगे और छत्तीसगढ़ की निवेश क्षमता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे।

CEO राउंडटेबल में निवेशकों से सीधी चर्चा

SING फोरम के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में मुख्यमंत्री सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश के संभावित क्षेत्रों, औद्योगिक अवसरों और राज्य में उपलब्ध सुविधाओं को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा।

नई औद्योगिक नीति और संसाधनों पर फोकस

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करना है। इसके लिए नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, मजबूत अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं को आधार बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स के सामने खुलेगा छत्तीसगढ़ का पोटेंशियल

मुख्यमंत्री का SING फोरम 2026 में शामिल होना छत्तीसगढ़ के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से सीधे संवाद का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। फोरम के जरिए राज्य में उपलब्ध निवेश अवसरों और विकास की संभावनाओं को वैश्विक उद्योग जगत के सामने रखने की कोशिश होगी। इससे छत्तीसगढ़ में नए निवेश और औद्योगिक साझेदारियों की संभावनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।