कुरुद SDM कार्यालय में ACB की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार की रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद स्थित SDM कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ACB की टीम ने कार्यालय में पदस्थ बाबू पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। कार्रवाई की खबर सामने आते ही कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जमीन डायवर्सन की फाइल आगे बढ़ाने मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के मुताबिक, एक जमीन कारोबारी की जमीन के डायवर्सन से संबंधित फाइल कुरुद SDM कार्यालय में लंबित थी। आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने और डायवर्सन की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में बाबू पुनेश्वर सूर्यवंशी ने कारोबारी से 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।बातचीत के बाद 10 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद जमीन कारोबारी ने मामले की शिकायत ACB से कर दी।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद ACB ने पहले मामले का सत्यापन किया और फिर कार्रवाई की योजना बनाई। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर आरोपी बाबू के पास भेजा गया।
जैसे ही बाबू ने 10 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, पहले से मौके पर मौजूद ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है। आरोपी बाबू को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
कार्यालय के दस्तावेजों की भी जांच
कार्रवाई के बाद ACB की टीम SDM कार्यालय में रिश्वत प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई ACB की जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर की जाएगी।





