#खेल

Harmanpreet Kaur: विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर ने छोड़ी तीनों फॉर्मेट की कप्तानी, बोलीं- यह आसान फैसला नहीं था

Advertisement Carousel

 

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार को बड़ा फैसला लेते हुए टीम के तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया। हरमनप्रीत ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि यह निर्णय उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन अब वह बतौर खिलाड़ी भारतीय टीम के लिए आगे बढ़ना चाहती हैं।

हरमनप्रीत ने अपने संदेश में लिखा, “आज मैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ रही हूं। यह आसान फैसला नहीं है। इसमें वर्षों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल जुड़े हैं, जो जिंदगी भर मेरे साथ रहेंगे।”

37 साल की उम्र में लंबा कप्तानी सफर खत्म

हरमनप्रीत कौर ने भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए लंबा सफर तय किया। उन्होंने 5 टेस्ट, 51 वनडे और 155 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत की अगुवाई की। कप्तान के तौर पर उनका आखिरी बड़ा अभियान पिछले महीने निशिन में एशियन गेम्स का रहा, जहां भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

कप्तानी छोड़ने से एक दिन पहले हुई अहम बैठक

हरमनप्रीत के इस फैसले से एक दिन पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम के भविष्य को लेकर अहम बैठक हुई थी। गुवाहाटी में हुई इस बैठक में हरमनप्रीत कौर, उपकप्तान स्मृति मंधाना और मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया से मुलाकात की थी। बैठक में भारतीय महिला टीम के आगे के रोडमैप को लेकर चर्चा हुई।

टीम के लिए पीछे रखीं अपनी महत्वाकांक्षाएं

कप्तानी छोड़ने के ऐलान के साथ हरमनप्रीत ने अपने सफर और टीम के प्रति समर्पण को भी याद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट और टीम के लिए उन्होंने अपना सब कुछ दिया। कई मौकों पर टीम के हित में उन्होंने अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, विकास और निजी महत्वाकांक्षाओं को भी पीछे रखा।

उन्होंने लिखा, “मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट को अपना खून, पसीना और समय दिया है। कई बार अपने खेल और निजी महत्वाकांक्षाओं का एक हिस्सा भी पीछे रखा, क्योंकि मेरा मानना था कि टीम सबसे पहले है।”

आलोचनाओं के बावजूद फैसलों पर कायम रहीं

हरमनप्रीत ने कप्तानी के दौरान लिए गए फैसलों को लेकर हुई आलोचनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने माना कि कप्तान के तौर पर कई फैसले मुश्किल थे और हर बार उन्हें समझा नहीं गया। हालांकि, उनका कहना था कि हर फैसले के पीछे एक ही उद्देश्य रहा—टीम को बेहतर बनाना और नई खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका देना।

अब हरमनप्रीत कौर कप्तानी की जिम्मेदारी से मुक्त होकर बतौर खिलाड़ी भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए अपना योगदान जारी रखेंगी।