CG Weather Today: मानसून की विदाई के बीच बढ़ी गर्मी, रायपुर में 34.4 डिग्री; अगले 2 दिन बाद बारिश-वज्रपात के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई का दौर जारी है, लेकिन बारिश थमते ही प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। दिन में तेज धूप के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि रायपुर में 34.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
दो दिन बाद बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा से होकर एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। इसके बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
कई जिलों में 33 डिग्री से अधिक तापमान
प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। पेंड्रारोड में 33.8, बिलासपुर में 33.6, माना एयरपोर्ट में 33.6, दुर्ग में 33.5, जगदलपुर में 33.3 और अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
रायपुर में गर्मी से लोग परेशान
राजधानी रायपुर में बारिश थमने के बाद गर्मी का असर बढ़ गया है। दिन के साथ रात में भी लोगों को खास राहत नहीं मिल रही है। मंगलवार को आकाश साफ रहने का अनुमान है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
क्या कहता है सिनोप्टिक सिस्टम?
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है। वहीं पश्चिम बंगाल से मध्य महाराष्ट्र तक झारखंड, ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों, छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा होते हुए एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर-मध्य बिहार से उत्तरी ओडिशा तक झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों से होकर भी एक द्रोणिका सक्रिय है। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।




