#crime #प्रदेश

दुर्ग में 4 करोड़ रुपये की बड़ी बरामदगी! पिकअप के सीक्रेट चेंबर में छिपाकर ले जा रहे थे कैश, चेकिंग में खुला राज

Advertisement Carousel

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने एक बोलेरो मैक्स पिकअप से 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। रकम को वाहन के पिछले हिस्से में मॉडिफिकेशन कर बनाए गए एक गुप्त चेंबर में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने वाहन में सवार दो लोगों को रोककर पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद रकम के स्रोत और इसे ले जाने के उद्देश्य का पता लगाया जा रहा है।

रायपुर से नागपुर जा रही थी पिकअप, चेकिंग में हुआ खुलासा

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 25 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे डबरापारा इलाके में खुर्सीपार थाना पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रायपुर से नागपुर की ओर जा रही एक बोलेरो मैक्स पिकअप को रोककर तलाशी ली गई।

वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। उन्होंने अपनी पहचान चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में बताई। पुलिस ने जब वाहन की बारीकी से जांच की, तो उसके पिछले हिस्से में विशेष तरीके से बनाया गया एक गुप्त चेंबर मिला।

मॉडिफाई हिस्से में छिपाकर रखे थे करोड़ों रुपये

पुलिस ने गुप्त चेंबर को खोलकर तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा छिपाकर रखी मिली। नोटों की गिनती कराई गई, जिसमें कुल रकम 4 करोड़ रुपये निकली। वाहन में इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

रकम कहां से आई, कहां ले जाई जा रही थी? आयकर विभाग को सूचना

पुलिस दोनों व्यक्तियों से बरामद रकम के स्वामित्व, वित्तीय स्रोत और परिवहन के उद्देश्य को लेकर पूछताछ कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी नकदी को वाहन के गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाने के पीछे क्या वजह थी।

मामले की वित्तीय जांच के लिए पुलिस विभाग ने आयकर विभाग को भी सूचना भेजी है। अब जांच एजेंसियां बरामद नकदी से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की पड़ताल करेंगी। फिलहाल, रकम के स्रोत और पूरे मामले की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।