Close

बदलाव : कांग्रेस में अब खड़गे युग,कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने काम संभाला


नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी को 24 साल बाद गैर गांधी अध्यक्ष मिला है। अध्यक्ष के रूप में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस की कमान संभाल ली है। ऐसी के साथ कांग्रेस में खड़गे युग शुरू हो गया। जगजीवनराम के बाद खड़गे दूसरे दलित कांग्रेस अध्यक्ष हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे की ताजपोशी के लिए कांग्रेस मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में सोनिया गांधी, राहुल गांधी के साथ ही कई दिग्गज मौजूद रहे। मल्लिकार्जुन खड़गे को औपचारिक रूप से कांग्रेस की कमान सौंपने के बाद सोनिया गांधी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी के सामने मौजूद चुनौतियों की चर्चा की और नए अध्यक्ष को बधाई भी दी। सोनिया गांधी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे के अध्यक्ष बनने से राहत महसूस कर रही हूं। सोनिया गांधी ने अपने सहयोग और समर्थन के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धन्यवाद भी किया।
भारत जोड़ो यात्रा के तीन दिन के दीवाली ब्रेक में 48 दिनों बाद पहली बार दिल्ली आए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। अध्यक्ष पद संभालने से पहले खड़गे ने राजघाट पर महात्मा गांधी, शांति वन में जवाहरलाल नेहरु व शक्ति स्थल पर इंदिरा गांधी तथा वीर भूमि पर जाकर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने बताया कि सभी CWC सदस्यों, AICC महासचिवों और प्रभारी ने कांग्रेस अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
संविधान की रक्षा के लिए हमको लड़ना होगा: खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बाबा साहेब डा. अंबेडकर जी ने इस देश के संविधान के निर्माण के लिए योगदान दिया है, इस देश के संविधान की रक्षा के लिए हमको लड़ना होगा। जिस महान राजनीतिक दल का नेतृत्व महात्मा गांधी , जवाहरलाल नेहरू, सुभाषचंद्र बोस , सरदार बल्लभभाई पटेल, मौलाना आजाद , बाबू जगजीवन राम, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने किया हो, उस जिम्मेदारी को संभालना मेरे लिए सौभाग्य और गौरव की बात है। पद भार ग्रहण करने के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस के सभी पूर्व अध्यक्षों को याद करते हुए मैं आप सबको भरोसा दिलाता हूं कि अपनी मेहनत से, अपने अनुभव से जो कुछ संभव होगा, वह सब करूंगा। आज करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरफ से सोनिया गांधी जी के बहुमूल्य योगदान के प्रति हृदय से आदर व सम्मान व्यक्त करना चाहूंगा। इस मौके पर खड़गे ने कहा कि सामान्य कार्यकर्ता को अध्यक्ष बनाने के लिए सभी को धन्यवाद। सम्मान देने के लिए पार्टी का शुक्रिया। उन्होंने कहा कि मजदूर का बेटा आज कांग्रेस का अध्यक्ष बना।
खड़गे ने बनाई स्टीयरिंग कमेटी
खड़गे ने कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की मीटिंग की। अपने पहले फैसले में खड़गे ने CWC के बदले 47 सदस्यों की स्टीयरिंग कमेटी का ऐलान किया। इसमें सोनिया गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह, राहुल गांधी समेत 47 लोगों को शामिल किया गया है। हालांकि टीम में खड़गे के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले शशि थरूर को जगह नहीं मिली है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भी कमेटी में शामिल किया गया है। CWC कांग्रेस पार्टी की सर्वोच्च कार्यकारी संस्था है। खड़गे के ऐलान के बाद अब नई स्टीयरिंग कमेटी ही पार्टी संगठन से जुड़े बड़े फैसलों पर मुहर लगाएगी।

 

 

scroll to top