Close

छठ महापर्व : व्रती महिलाएं आज डूबते सूर्य को देंगी अर्घ्य , महादेव घाट स्थित खारुन नदी तट पर तैयारियां पूरी

रायपुर। सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा आज रविवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में धूमधाम से मनाया जाएगा। महादेव घाट स्थित खारुन नदी तट पर बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय समाज के लोग और और छठ व्रती महिलाएं पहुंचेगी। रविवार की शाम और सोमवार की सुबह छठ मैया की विधि विधान से पूजा अर्चना की जाएगी। रविवार को शाम 5 बजे डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। सोमवार सुबह 6 बजे उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही पूजा का समापन होगा।

छठ महापर्व आयोजन समिति महादेव घाट रायपुर इस बार पर्व को मनाने के लिए भव्य तैयारी की है। आकर्षक साज-सज्जा की गई है। व्रतियों के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शाम और सुबह को सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसमें सुर संग्राम विजेता आलोक सिंह समेत कई कलाकार रंगारंग प्रस्तुति देंगे। इस दौरान नृत्य नाटिका की भी प्रस्तुति होगी।

आज यानी 19 नवंबर को छठ महापर्व का तीसरा दिन है। आज के दिन संध्या अर्घ्य यानी डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। चार दिवसीय छठ पर्व में तीसरा दिन सबसे खास होता है। इस दिन लोग अपने परिवार के साथ घाट पर जाते हैं और कमर तक पानी में खड़े होकर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देते हैं। मान्यता है कि जो लोग पूरी श्रद्धा के साथ छठ माता और सूर्य देव की पूजा-अर्चना करते हैं उनकी सभी मनोकामनाएं छठ मैया पूरी करती हैं।

scroll to top