CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों में बढ़ेगी ठिठुरन, 4 डिग्री तक गिरेगा पारा; सरगुजा में घने कोहरे का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ रहा है, जबकि दोपहर में गर्मी महसूस हो रही है। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के संकेत दिए हैं। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। वहीं, सरगुजा जिले में सुबह के समय घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिन के समय धूप निकलने से हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, लेकिन रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 28 नवंबर तक राजधानी का न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे सुबह और रात में ठंड का एहसास बढ़ेगा।
सुकमा में सबसे ज्यादा तापमान, पेंड्रा रोड रहा सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान सुकमा में सबसे अधिक 32.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
सरगुजा में घने कोहरे का अलर्ट, वाहन चालकों को सावधानी की सलाह
मौसम विभाग ने सरगुजा जिले में बुधवार सुबह एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने और विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा बढ़ेगी ठंड
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में ठंड का असर अलग-अलग रहने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
बारिश के आसार नहीं, शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है और किसी तरह की विशेष चेतावनी भी जारी नहीं की गई है। अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। ऐसे में नवंबर के आखिरी सप्ताह में सुबह और रात की ठंड धीरे-धीरे बढ़ने के आसार हैं।




