नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर बवाल, सेक्टर-80 में फिर पथराव; पुलिस ने किया लाठीचार्ज

नोएडा। नोएडा के फेज-2 क्षेत्र में कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन मंगलवार को एक बार फिर हिंसक हो गया। सेक्टर-80 में प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे सेक्टर 80 नोएडा में स्थित एक कंपनी परिसर के बाहर प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए और अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कार्रवाई करते हुए भीड़ को हटाया।
पथराव के दौरान मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पथराव के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कई लोग घायल भी हुए। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
माता प्रसाद गुप्ता ने बताया कि प्रदर्शनकारी शुरुआत में शांतिपूर्ण तरीके से मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे, लेकिन बाद में कुछ शरारती तत्वों ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसमें उन्हें भी चोटें आईं।
फर्जी अकाउंट और व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर कर्मचारियों को भड़काया जा रहा है
वहीं लक्ष्मी सिंह ने कहा कि जांच में यह सामने आया है कि एक संगठित समूह सोशल मीडिया के जरिए कर्मचारियों को भड़का रहा है। इसके लिए फर्जी अकाउंट और व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जा रहे हैं, जिनके जरिए लोगों को जोड़ा जा रहा है।
300 से अधिक लोग हिरासत में
पुलिस के अनुसार, पिछले दो दिनों में हुई घटनाओं को लेकर कई एफआईआर दर्ज की गई हैं और अब तक 300 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार रूट मार्च किया जा रहा है।
प्रशासन ने अपील की है कि कर्मचारी काम पर लौटें और बातचीत के जरिए समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा। वेतन वृद्धि को लेकर आज निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।




