साय कैबिनेट का बड़ा फैसला: संजय पिल्लै, मुकेश गुप्ता, आरके विज का भूपेश सरकार में हुआ डिमोशन रद्द

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय, महानदी भवन में बुधवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में अहम प्रशासनिक निर्णय लिया गया।
मंत्रिपरिषद ने वर्ष 1988 बैच के तीन सेवानिवृत्त भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों—संजय पिल्लै, आर.के. विज और मुकेश गुप्ता—की पदावनति से जुड़े पूर्व आदेश को निरस्त कर दिया है।
यह पदावनति आदेश 26 सितंबर 2019 को तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में जारी किया गया था। साय कैबिनेट ने इस आदेश का पुनर्विलोकन करते हुए इसे रद्द करने का निर्णय लिया।
इसके साथ ही, मंत्रिपरिषद ने 24 सितंबर 2019 को लिए गए उस मूल निर्णय को भी अपास्त कर दिया, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई थी। कैबिनेट ने स्पष्ट किया कि उस निर्णय के अनुपालन में जारी सभी आदेशों को बैठक से पूर्व की स्थिति में पुनर्जीवित माना जाएगा।
सरकार के इस फैसले के बाद संबंधित अधिकारियों की स्थिति अब पूर्ववत मानी जाएगी। यह निर्णय प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।





