बालोद में कुएं में गिरा तेंदुआ: पानी की तलाश में गांव पहुंचा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

बालोद। Balod जिले में भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। भोजन और पानी की तलाश में गांव पहुंचे एक तेंदुए के कुएं में गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि तेंदुए की उम्र करीब 4 साल है और वह कुएं के अंदर मोटर पाइप के सहारे लटका हुआ है।
जानकारी के अनुसार तेंदुआ रात के समय Jagtara Village पहुंचा था। इसी दौरान वह एक खुले कुएं में जा गिरा। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण पानी भरने पहुंचे तो उन्होंने कुएं के भीतर तेंदुए को देखा। यह दृश्य देखते ही गांव में दहशत फैल गई और लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही Balod Forest Department और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है।
मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को कुएं से दूर रहने की सलाह दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।





