इबोला वायरस को लेकर भारत सरकार अलर्ट, विदेश से आने वाले यात्रियों पर बढ़ी निगरानी

दिल्ली। भारत सरकार के Directorate General of Health Services (DGHS) ने इबोला वायरस को लेकर नई हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने खास तौर पर उन यात्रियों को सतर्क रहने को कहा है जो इबोला प्रभावित देशों से भारत आ रहे हैं या हाल ही में वहां की यात्रा कर चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एयरपोर्ट्स पर निगरानी और स्वास्थ्य जांच को और सख्त कर दिया है।
इन देशों से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर
World Health Organization (WHO) के अनुसार Democratic Republic of the Congo, Uganda और South Sudan फिलहाल इबोला संक्रमण के लिहाज से हाई-रिस्क देशों में शामिल हैं। ऐसे में इन देशों से आने वाले यात्रियों की एयरपोर्ट पर विशेष स्क्रीनिंग की जा रही है। दिल्ली एयरपोर्ट पर एयरपोर्ट हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (APHO) ने यात्रियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।
इबोला के लक्षणों को नजरअंदाज न करें
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इबोला वायरस के शुरुआती लक्षण सामान्य वायरल संक्रमण जैसे हो सकते हैं। संक्रमित व्यक्ति में तेज बुखार, कमजोरी, थकान, सिरदर्द और मांसपेशियों में दर्द की शिकायत हो सकती है। इसके अलावा उल्टी, दस्त, गले में खराश और गंभीर स्थिति में रक्तस्राव भी देखा जा सकता है।
संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए तो तुरंत दें जानकारी
सरकार की एडवाइजरी में कहा गया है कि यदि कोई यात्री किसी संक्रमित या संदिग्ध व्यक्ति के संपर्क में आया है, तो वह तुरंत एयरपोर्ट स्वास्थ्य अधिकारियों को इसकी सूचना दे। साथ ही भारत पहुंचने के बाद 21 दिनों तक स्वास्थ्य पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य जांच में सहयोग की अपील
स्वास्थ्य मंत्रालय ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और अपनी ट्रैवल हिस्ट्री की सही जानकारी दें। इसके अलावा एयरपोर्ट पर होने वाली स्वास्थ्य जांच और सुरक्षा नियमों का पालन करने को भी जरूरी बताया गया है।





