1.16 करोड़ के धान घोटाले में बड़ी कार्रवाई, उपार्जन केंद्र प्रभारी गिरफ्तार

पिथौरा, महासमुंद।महासमुंद जिले में धान खरीदी से जुड़े करोड़ों रुपये के घोटाले का खुलासा होने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। धान उपार्जन केंद्र बम्हनी में किसानों के हजारों क्विंटल धान के गबन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर करीब 1 करोड़ 16 लाख रुपये के गबन का आरोप है।
मिली जानकारी के अनुसार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक पिरदा शाखा के प्रबंधक उस्त कुमार प्रधान ने 27 मई 2026 को थाना बसना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति आरंगी के अंतर्गत संचालित धान उपार्जन केंद्र बम्हनी में 16 मई 2026 को प्रशासनिक टीम द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन के दौरान 3742 क्विंटल यानी 9355 कट्टे मोटा धान कम पाया गया। धान की कमी और संबंधित दस्तावेजों की जांच में समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना की राशि सहित कुल 1 करोड़ 16 लाख 200 रुपये के गबन का मामला उजागर हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बसना थाना में अपराध दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस पूछताछ के दौरान तत्कालीन केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत ने गबन की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाकर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी :
गंगाधर जगत, पिता दुर्जन सिंह जगत, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम दलालखार, थाना बसना, जिला महासमुंद।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद और भी बड़ी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।





