#प्रदेश

CG Breaking : राजधानी के स्टील प्लांट में भीषण ब्लास्ट के बाद लगी आग, कई किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार

Advertisement Carousel

० रायपुर के मिवान स्टील प्लांट में मचा हड़कंप, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौके पर जुटी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे आरंग क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मंदिर हसौद स्थित मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में जोरदार ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि काले धुएं का विशाल गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 5:30 बजे प्लांट में आग लगने की सूचना मिली। शुरुआती जानकारी में ब्लास्ट के बाद आग भड़कने की बात सामने आई है। देखते ही देखते लपटों ने प्लांट के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। वहीं प्रशासन और पुलिस की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। अधिकारियों की निगरानी में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर

तहसीलदार विनोद साहू ने बताया कि मिवान स्टील प्लांट में आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर भेजी गईं। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि आग की तीव्रता को देखते हुए प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।

घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।