पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी को लिखा पत्र, चुनावी जीत को बताया जनविश्वास की ताकत

० डा. कुलदीप सोलंकी के पत्र का प्रधानमंत्री ने दिया जवाब, महिलाओं के रिकॉर्ड मतदान की भी सराहना
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में एनडीए को मिली सफलता पर बधाई देने वाले पत्र के जवाब में छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी का आभार व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि देशवासियों का स्नेह, विश्वास और समर्थन ही राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी शक्ति है।
जानकारी के अनुसार, डॉ. कुलदीप सोलंकी ने विधानसभा चुनावों में एनडीए की सफलता और विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर प्रधानमंत्री को बधाई संदेश भेजा था। इसके जवाब में प्रधानमंत्री ने विस्तृत पत्र लिखकर चुनाव परिणामों पर अपने विचार साझा किए।
जनादेश को बताया विकास और सुशासन पर भरोसा
प्रधानमंत्री ने पत्र में कहा कि जिन राज्यों में एनडीए की सरकारें थीं, वहां जनता ने विकास कार्यों और सुशासन पर भरोसा जताते हुए दोबारा समर्थन दिया, जबकि जिन राज्यों में एनडीए विपक्ष में थी, वहां भी जनता का रुझान बदलाव की ओर दिखाई दिया।
उन्होंने असम में लगातार तीसरी बार मिली जीत का उल्लेख करते हुए इसे जनता के विश्वास का प्रमाण बताया। वहीं पश्चिम बंगाल में मिले व्यापक जनसमर्थन को उन्होंने राज्य में विकास की नई उम्मीदों का संकेत बताया।
नारीशक्ति की भूमिका को सराहा
प्रधानमंत्री ने चुनावों में महिलाओं की रिकॉर्ड भागीदारी और मतदान प्रतिशत को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की बढ़ती राजनीतिक जागरूकता और सहभागिता विकसित भारत के निर्माण की दिशा में सकारात्मक संकेत है।
गरीब, युवा, किसान और महिलाओं पर रहेगा फोकस
पत्र में प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों के कल्याण, युवाओं के सशक्तिकरण, महिलाओं के सम्मान और किसानों की समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा दिए गए जनादेश के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं, जिन्हें पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा।
डा. कुलदीप सोलंकी के प्रति जताया आभार
प्रधानमंत्री ने पत्र के अंत में डॉ. कुलदीप सोलंकी के शुभकामना संदेश के लिए धन्यवाद देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।






