CG Accident : जशपुर में बड़ा सड़क हादसा, यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, मची चीख-पुकार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों को लेकर जा रही एक बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया, जबकि कई लोग घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार ओम ट्रैवल्स की बस मंगलवार सुबह सुरंगपानी से यात्रियों को लेकर पथलगांव जा रही थी। जब बस बागबहार थाना क्षेत्र के खाडामाचा के पास पहुंची, तभी चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे के वक्त बस में सवार थे 15 यात्री
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय बस में करीब 15 यात्री सवार थे। हादसे में कई यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर दौड़ पड़े।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रारंभिक जानकारी में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जाएगी।
हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, वहीं परिजनों और स्थानीय लोगों की निगाहें घायलों के स्वास्थ्य पर टिकी हुई हैं।





