#प्रदेश

छत्तीसगढ़ का सितारा अब इंडिया-ए में चमकेगा: श्रीलंका दौरे से पहले आयुष पाण्डेय ने की डिप्टी सीएम अरुण साव से मुलाकात

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट को एक और बड़ी पहचान मिली है। राज्य के उभरते बल्लेबाज आयुष पाण्डेय का चयन इंडिया-ए टीम में हुआ है, जो जल्द ही श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैच खेलने जाएगी। श्रीलंका रवाना होने से पहले आयुष ने उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान श्री साव ने उन्हें भारतीय टीम में चयन पर बधाई देते हुए शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

रणजी में दमदार प्रदर्शन का मिला इनाम

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि आयुष ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर इंडिया-ए टीम में जगह बनाई है। उनका चयन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। रणजी ट्रॉफी में लगातार शानदार पारियों ने उन्हें राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नजरों में ला खड़ा किया है।

रणजी ट्रॉफी में लगाए चार शतक, एक दोहरा शतक भी

रायपुर निवासी 23 वर्षीय आयुष पाण्डेय बाएं हाथ के आक्रामक ओपनर बल्लेबाज हैं। पिछले तीन सीजन से वे छत्तीसगढ़ की ओर से रणजी ट्रॉफी खेल रहे हैं। उन्होंने अब तक रणजी क्रिकेट में एक दोहरे शतक समेत चार शतक जड़े हैं।

उनकी प्रमुख पारियों में:

तमिलनाडु के खिलाफ 124 रन
असम के खिलाफ 211 रन (दोहरा शतक)
दिल्ली के खिलाफ 161 रन
मुंबई के खिलाफ 117 रन

जैसी यादगार पारियां शामिल हैं।

श्रीलंका दौरे पर ओपनर के रूप में बड़ी जिम्मेदारी

विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल की कप्तानी वाली इंडिया-ए टीम में चयनकर्ताओं ने ओपनिंग बल्लेबाज के रूप में आयुष पर भरोसा जताया है। उनकी तकनीक, नई गेंद के खिलाफ बल्लेबाजी और लंबी पारी खेलने की क्षमता को देखते हुए उन्हें टीम का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

दलीप ट्रॉफी से लेकर विजय हजारे तक छोड़ी छाप

आयुष केवल रणजी तक सीमित नहीं रहे हैं। वे सेंट्रल जोन की ओर से दलीप ट्रॉफी खेल चुके हैं। इसके अलावा विजय हजारे ट्रॉफी और सी.के. नायडू ट्रॉफी में भी उन्होंने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है।

सीसीपीएल में बिलासपुर बुल्स की कमान

इन दिनों नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में चल रही छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग में आयुष बिलासपुर बुल्स की कप्तानी कर रहे हैं। वे लगातार चौथे सीजन में हिस्सा ले रहे हैं और टी-20 क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।