प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से सनसनी: एक ही परिवार के 3 बुजुर्गों की बेरहमी से हत्या, गांव में दहशत

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन बुजुर्ग सदस्यों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह शव मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं।
यमुनानगर के मेजा थाना इलाके के कुकुरकटवा गांव में सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों की नृशंस हत्या कर दी। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने पहले धारदार हथियार से हमला किया और फिर पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी।
मृतकों की पहचान अमरावती देवी (65), पत्नी नींबूलाल, इंद्रावती देवी (62), पत्नी दूधनाथ और श्यामलाल (65), पुत्र गुलजार के रूप में हुई है। तीनों के शव घर से करीब 20 मीटर दूर मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने उन्हें घर से बाहर निकालकर मौत के घाट उतारा।
गांव के ही युवक पर हत्या का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस, फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी। पुलिस इस एंगल को भी गंभीरता से जांच रही है।
पुलिस जाँच में जुटी
मौके पर पहुंचे एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. अजय पाल शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।





