#crime #प्रदेश

नागपुर में वायुसेना अधिकारी की पत्नी ने लगाए दुष्कर्म और जबरन धर्मांतरण के आरोप, दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisement Carousel

 

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 24 वर्षीय महिला ने अपने पूर्व सहपाठी पर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने, ब्लैकमेलिंग, जबरन धर्मांतरण और आर्थिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता वायुसेना अधिकारी की पत्नी है और नागपुर में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है। महिला का आरोप है कि फरवरी 2025 में उसके स्कूल के पूर्व सहपाठी अय्याज ताज मदारे ने प्लॉट खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया और एक होटल में बुलाया। वहां कथित तौर पर उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया गया तथा उसकी तस्वीरें और वीडियो बना लिए गए।

ब्लैकमेल कर किया शोषण

महिला का आरोप है कि आरोपी ने वीडियो और तस्वीरों के आधार पर उसे ब्लैकमेल किया, कई बार यौन शोषण किया और लाखों रुपये की उगाही की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि महिला पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया और इसमें अन्य आरोपियों की भी भूमिका रही।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें दिखाई गई परिस्थितियों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुष्कर्म, जबरन वसूली, कथित जबरन धर्म परिवर्तन और संबंधित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपी अय्याज ताज मदारे और उसके सहयोगी अमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपों की तथ्यात्मक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।