#प्रदेश

CM हाउस में 5 घंटे चली हाई लेवल मीटिंग, देर रात तक चला मंथन; सियासी चर्चाएं तेज

Advertisement Carousel

 

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सरकारी निवास में गुरुवार देर रात सत्ता और संगठन की हाई लेवल बैठक आयोजित की गई। करीब पांच घंटे तक चली इस मैराथन मीटिंग में प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और शीर्ष नेता शामिल हुए। बैठक देर रात करीब 2 बजे समाप्त हुई, जिसके बाद सभी नेता मुख्यमंत्री निवास से रवाना हुए।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में प्रदेश और प्रदेश के बाहर दौरे पर मौजूद कुछ मंत्रियों को भी तत्काल रायपुर बुलाया गया था। देर रात हुई इस बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं और अटकलें लगाई जा रही थीं।

रणनीति और समीक्षा पर रहा फोकस

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बैठक के बाद कहा कि यह सत्ता और संगठन के बीच होने वाली नियमित समीक्षा बैठक थी। ऐसी बैठकें हर तीन महीने में आयोजित की जाती हैं। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और क्षेत्रीय दौरों को लेकर रणनीति बनाई गई है। साथ ही मंत्रियों और विधायकों के प्रभार क्षेत्रों की समीक्षा भी की गई।उन्होंने स्पष्ट किया कि मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल को लेकर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई।

मोदी सरकार के 12 वर्ष और चुनावी तैयारी पर मंथन

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। इसके अलावा आगामी चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

‘सब सुरक्षित है, छत्तीसगढ़ सुरक्षित है’

बैठक के बाद मंत्री रामविचार नेताम ने मुस्कुराते हुए कहा, “सब मुस्कुराइए, सब सेफ है और छत्तीसगढ़ सेफ है।” उन्होंने कहा कि बैठक को लेकर लगाए जा रहे सभी कयास निराधार हैं।

वहीं मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि बैठक में मंत्रियों और विधायकों के कार्यों, प्रभार क्षेत्रों के दौरों और विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।