सूरजपुर में दर्दनाक हादसा : जंगल में एक साथ मिले तीन भालुओं के शव, करंट से मौत की आशंका,वन विभाग में हड़कंप

सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र स्थित झिंगरामाड़ा जंगल में एक साथ तीन भालुओं की मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। जंगल से एक मादा भालू, एक नर भालू और एक शावक का शव बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में तीनों भालुओं की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर जंगल में गिर गया था। संभावना है कि उसी की चपेट में आने से तीनों वन्यजीवों की जान चली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। वहीं तीन सदस्यीय पशु चिकित्सकों की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर तीनों भालुओं का पोस्टमार्टम किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग ने नियमानुसार शवों का अंतिम संस्कार कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि भालुओं की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। यदि करंट लगने से मौत की पुष्टि होती है, तो बिजली लाइन की सुरक्षा और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।
फिलहाल वन विभाग आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर रहा है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की तैयारी कर रहा है।





