बिलासपुर सेंट्रल जेल में खूनी वारदात: विचाराधीन बंदी की हत्या, सीमेंट के ढक्कन से हमला कर उतारा मौत के घाट

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल से मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। जेल की ई-1 बैरक में बंद एक विचाराधीन कैदी की दूसरे बंदी ने सीमेंट के ढक्कन से हमला कर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल बंदी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान नीलू जगत के रूप में हुई है, जो नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे ई-1 बैरक में बंद राजेश राय ने अचानक नीलू जगत पर सीमेंट के ढक्कन से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में नीलू गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने तत्काल घायल बंदी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
ट्रिपल मर्डर का आरोपी है हमलावर
सेंट्रल जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी राजेश राय पहले से ही तीन हत्याओं और दो हत्या के प्रयास के मामलों में सजा काट रहा है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

जेल प्रशासन और पुलिस में मचा हड़कंप
घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस और जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। बैरक में मौजूद अन्य बंदियों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।





