18वें जन्मदिन के तीन दिन बाद मिली रेत में दफन लाश : युवती की हत्या से सनसनी, रेप की आशंका

० घर से रहस्यमय ढंग से लापता हुई थी भारती, नाले किनारे दफन मिला शव; प्रेम-प्रसंग के एंगल पर जांच तेज
महासमुंद। महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम झारा में 18 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव से कुछ दूरी पर एक नाले के किनारे रेत में दफन युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस जांच में मृतका की पहचान भारती टंडन के रूप में हुई है, जो 19 जून को अपना 18वां जन्मदिन मनाने के बाद रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी।
रेत में दबा मिला शव, देखकर दहल गए ग्रामीण
सोमवार दोपहर ग्रामीणों को नाले के पास तेज बदबू आने पर शक हुआ। मौके पर पहुंचने पर रेत में दबा शव दिखाई दिया। शव का कुछ हिस्सा बाहर निकला हुआ था और जंगली जीवों द्वारा क्षतिग्रस्त भी किया गया था। सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के सिर पर करीब 6 इंच लंबा गहरा घाव मिला है। चोट इतनी गंभीर थी कि सिर की हड्डी तक टूट गई थी। इसके अलावा जांघों पर गहरे खरोंच के निशान भी पाए गए हैं। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस दुष्कर्म की आशंका से भी इंकार नहीं कर रही है। युवती के आंतरिक अंगों के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे गए हैं।
जन्मदिन की रात हुई थी गायब
परिजनों के अनुसार, भारती 19 जून की रात घर से अचानक गायब हो गई थी। बताया जा रहा है कि उसका एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और आशंका है कि वह उसी से मिलने घर से निकली थी। अगले दो दिनों तक तलाश के बाद परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई, लेकिन 22 जून को उसकी लाश नाले की रेत में दफन मिली।
प्रेमी समेत कई युवक पुलिस हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती के कथित प्रेमी सहित कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उनके मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं। पुलिस का मानना है कि जांच के बाद हत्या और संभावित दुष्कर्म की गुत्थी जल्द सुलझ सकती है।
फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर सनसनी फैली हुई है और ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।





