कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम भरभराकर गिरा, मची चीख-पुकार! कई मजदूर मलबे में दबे, 5 मौतों की आशंका

० तारातला में दोपहर को हुआ बड़ा हादसा, 10 लोगों को निकाला गया बाहर; युद्धस्तर पर जारी रेस्क्यू ऑपरेशन
कोलकाता। पश्चिम कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक तीन मंजिला निर्माणाधीन गोदाम अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मलबे में दबे लोगों की चीख-पुकार से माहौल दहशत में बदल गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई मजदूरों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
10 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
कोलकाता पुलिस के अनुसार अब तक 10 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसा दोपहर करीब 12 बजे ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इमारत गिरने के बाद मलबे के नीचे दबे लोगों की मदद के लिए चीखने की आवाजें सुनाई दे रही थीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।
छत की ढलाई के दौरान ढहा ढांचा
बताया जा रहा है कि हादसे के समय गोदाम की छत की ढलाई का काम चल रहा था। पहली और दूसरी मंजिल का निर्माण पूरा हो चुका था, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर कार्य जारी था। इसी दौरान अचानक पूरा ढांचा धराशायी हो गया और भारी लोहे के बीम तथा कंक्रीट का मलबा मजदूरों पर गिर पड़ा।
सेना और बचाव एजेंसियां जुटीं
मौके पर कोलकाता पुलिस, दमकल विभाग, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप (DMG), नागरिक सुरक्षा बल और सेना के अधिकारी राहत कार्य में जुटे हुए हैं। मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए गैस कटर, ड्रिलिंग मशीन और भारी क्रेन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
घटिया निर्माण सामग्री पर उठे सवाल
हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने आरोप लगाया कि गोदाम निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। वहीं स्थानीय लोगों ने इलाके में लंबे समय से चल रहे कथित अवैध निर्माण कार्यों की भी शिकायत की है।फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। बचाव अभियान जारी है और मलबे में दबे लोगों की तलाश की जा रही है।




