दुर्ग में देह व्यापार पर पुलिस का बड़ा एक्शन: बंद पड़े जलाराम लॉज में चल रहा था सेक्स रैकेट, 3 युवतियां समेत 5 लोग पकड़े गए

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। शहर के इंदिरा मार्केट स्थित बंद पड़े जलाराम लॉज की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा था। सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसी की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मौके से तीन युवतियों और दो युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, 28 जून की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि बंद पड़े जलाराम लॉज में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। छापेमारी के दौरान लॉज के कमरों से तीन युवतियां और दो युवक आपत्तिजनक हालत में मिले, जबकि लॉज का संचालन करने वाला व्यक्ति भी मौके पर मौजूद था।
ये सामग्री बरामद हुई
तलाशी के दौरान पुलिस ने 20 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, 80 कंडोम पैकेट सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बंद पड़े लॉज की आड़ में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वर्तमान में परिसर में संचालित आइसक्रीम पार्लर का इस पूरे मामले से कोई संबंध है या नहीं।
मामले में पुलिस ने अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (पीटा एक्ट) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर विजय गुजराती, नारायण देशमुख और तमाशा कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से इस रैकेट का संचालन किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस में जाँच में जुटी
फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और पूरे गिरोह की गतिविधियों की जांच में जुटी हुई है। वहीं, दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की अवैध या अनैतिक गतिविधि संचालित हो रही हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





