दुर्ग में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा: बुलेट और मोपेड की भिड़ंत में 2 युवकों की मौत, 2 गंभीर घायल

० अमलेश्वर रोड पर तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, दोनों वाहनों के उड़े परखच्चे
दुर्ग। जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अमलेश्वर रोड पर देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच एक बुलेट और मोपेड की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में यश शर्मा नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
घटना में घायल दो लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आ रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





