Mohla-Manpur Tiger Terror: गांव के करीब बाघ ने पांच बकरियों का किया शिकार, महिलाओं ने भागकर बचाई जान

मोहला-मानपुर। मोहला-मानपुर जिले के औंधी तहसील क्षेत्र में एक बार फिर बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। ग्राम रेंगाटोला के पास खेत-खलिहानों के बीच बाघ ने दिनदहाड़े पांच पालतू बकरियों का शिकार कर लिया। जिस वक्त बाघ ने हमला किया, करीब छह महिलाएं बकरियों को चरा रही थीं। बाघ को सामने देखकर महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
अचानक बकरियों के झुंड में पहुंचा बाघ
ग्रामीणों के मुताबिक, महिलाएं गांव से कुछ दूर मवेशियों को चराने गई थीं। इसी दौरान शाम के समय अचानक बाघ बकरियों के झुंड के बीच पहुंच गया। उसने पहले एक बकरी को दबोचा और इसके बाद एक के बाद एक पांच बकरियों का शिकार किया।
बाघ के अचानक सामने आने से महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। सभी महिलाएं किसी तरह वहां से सुरक्षित निकलकर गांव पहुंचीं और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
दो बकरियां मौके पर मिलीं, तीन को ले गया बाघ
घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो वहां दो बकरियां मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ तीन अन्य बकरियों को अपने साथ जंगल की ओर ले गया था।
अगले दिन वन अमले के साथ ग्रामीण दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन वहां पड़ी दोनों मृत बकरियां भी गायब मिलीं। इसके बाद ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बाघ पांचों बकरियों को अपने कब्जे में लेकर जंगल की ओर चला गया।
वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
इंसानी बस्ती के बेहद करीब बाघ की दस्तक से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। घटना के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से जंगल और खेतों की ओर अकेले नहीं जाने तथा मवेशी चराते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
बाघ के जंगल की ओर लौट जाने की बात कही जा रही है, लेकिन उसकी मौजूदगी से मवेशी चराने वालों, किसानों और आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।





