रायपुर में संपत्तिकर पर 6.25% छूट का आज आखिरी मौका, निगम ने एक दिन में वसूले 1.55 करोड़ रुपये

० 30 जून तक पूरा टैक्स जमा करने पर मिलेगी छूट, आयुक्त ने व्यावसायिक संपत्तियों के टैक्स सत्यापन के दिए निर्देश
रायपुर। रायपुर नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के संपत्तिकर का एकमुश्त भुगतान करने वाले करदाताओं के लिए 6.25 प्रतिशत तक की छूट का लाभ दिया है। इस विशेष छूट का लाभ उठाने के लिए 30 जून अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर राजस्व विभाग ने सोमवार को निर्धारित लक्ष्य से अधिक कर वसूली करते हुए 1,070 संपत्तियों से कुल 1 करोड़ 55 लाख 63 हजार 119 रुपये का राजस्व संग्रह किया। इसके साथ ही आयुक्त ने सभी व्यावसायिक संपत्तियों का सर्वे कर उनका सही टैक्स निर्धारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
निगम के अनुसार, विभिन्न जोनों में हुई कर वसूली में जोन-3 से 10.98 लाख रुपये, जोन-4 से 20.85 लाख रुपये, जोन-5 से 15.03 लाख रुपये, जोन-7 से 11.01 लाख रुपये, जोन-8 से 18.96 लाख रुपये, जोन-9 से 20.55 लाख रुपये तथा जोन-10 से 12.06 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे 30 जून तक वित्तीय वर्ष 2026-27 का संपत्तिकर पूर्ण रूप से जमा कर अधिकतम 6.25 प्रतिशत की छूट का लाभ अवश्य उठाएं। साथ ही समय पर कर भुगतान कर नगर निगम की राजस्व व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करें।





