काशी विश्वनाथ मंदिर में पीएसी जवान की कार्बाइन से चली गोली, तीन श्रद्धालु घायल

० गेट नंबर-4बी के पास हुई घटना, पत्थर से टकराकर छर्रे लगने से घायल हुए तीन लोग; जांच शुरू
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4बी के पास शनिवार सुबह ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से कथित तौर पर अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। गोली पत्थर से टकराने के बाद उसके छर्रे और गिट्टियां आसपास मौजूद श्रद्धालुओं की ओर उछल गईं, जिससे तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, राम बाबू और विकास यादव के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत सामान्य बताई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब सात बजे हुई। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान पीएसी जवान की कार्बाइन से गलती से फायर हो गया। गोली किसी व्यक्ति को सीधे नहीं लगी, बल्कि पत्थर से टकराने के बाद उसके छर्रे और गिट्टियां आसपास खड़े लोगों को लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर मंदिर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और संबंधित पीएसी जवान से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला कार्बाइन से आकस्मिक फायरिंग का प्रतीत होता है, लेकिन पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





