#प्रदेश

सीहोर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-बोलेरो की आमने-सामने टक्कर, 5 की मौत, 4 गंभीर घायल

Advertisement Carousel

 

सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सोमवार दोपहर आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर ग्राम मेना गोदी के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। वाहन में सवार कई लोग उसके भीतर ही फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल भेजा।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य तेज किया।

पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है, वहीं हादसे के वास्तविक कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।