#प्रदेश

रायपुर मेडिकल कॉलेज को 103 करोड़ की सौगात, मुख्यमंत्री साय बोले— स्वस्थ छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित राज्य

Advertisement Carousel

 

० 200 सीटर छात्रावास, कैंसर भवन विस्तार और आवासीय परिसर की रखी आधारशिला, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का जोर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 103 करोड़ रुपये से अधिक लागत की स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करेगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इन परियोजनाओं से मरीजों, मेडिकल विद्यार्थियों और चिकित्सकों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

इस अवसर पर 200 सीटर आधुनिक छात्रावास, कैंसर भवन के विस्तार और चिकित्सकों व कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने छात्रावास निर्माण की मांग की थी, जिसे सरकार ने प्राथमिकता देते हुए पूरा किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में जनता से किए गए अधिकांश वादों को पूरा किया है और ‘मोदी की गारंटी’ को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का छत्तीसगढ़ को लगातार सहयोग मिल रहा है। डीएम कार्डियक कोर्स की स्वीकृति सहित कई स्वास्थ्य परियोजनाओं में केंद्र ने सकारात्मक समर्थन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में प्रदेश को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की भी सौगात मिलेगी, जिससे राज्य की औषधीय वनस्पतियों और आयुर्वेद को नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मेडिकल विद्यार्थियों से अपील की कि वे पढ़ाई पूरी करने के बाद केवल शहरों तक सीमित न रहें, बल्कि सरगुजा से बस्तर तक प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में भी अपनी सेवाएं दें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लगभग 104 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं से चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहा है। उन्होंने बताया कि पांच नए मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति, नर्सिंग एवं फिजियोथेरेपी कॉलेजों के विस्तार और 100 बिस्तरों वाले योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर का निर्माण भी प्रगति पर है। साथ ही, बिलासपुर स्थित सिम्स के उन्नयन और जगदलपुर में प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े हार्ट सेंटर की स्थापना की दिशा में भी कार्य जारी है।

परियोजनाओं की प्रमुख विशेषताएं
० 200 सीटर आधुनिक छात्रावास का निर्माण, जिसमें विद्यार्थियों के साथ चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के लिए भी आवासीय सुविधा होगी।
० कैंसर भवन का द्वितीय से छठे तल तक विस्तार, जहां आधुनिक लैब, 64-64 बिस्तरों वाले वार्ड, आईसीयू और अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर विकसित किए जाएंगे।
० छात्राओं के छात्रावास का विस्तार, जिसमें अतिरिक्त कमरे, डॉरमेट्री, लाइब्रेरी, रिक्रिएशन हॉल और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।