#प्रदेश

तीजन बाई के नाम पर मिलेगा राज्य अलंकरण पुरस्कार: संस्कृति मंत्री ने की घोषणा, परिजनों को ₹1 लाख की सहायता

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महान पंडवानी गायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि देने के लिए रायपुर में आयोजित सांगीतिक श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने तीजन बाई के कला जगत में अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उनके सम्मान में बड़ा ऐलान किया।

संस्कृति मंत्री ने घोषणा की कि अब पंडवानी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों को ‘तीजन बाई राज्य अलंकरण पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने तीजन बाई के परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी प्रदान किया।

गनियारी बनेगा ‘कला ग्राम’

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि तीजन बाई की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए उनके पैतृक गांव गनियारी को कला ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को उनकी कला, संघर्ष और विरासत से जोड़ना है।

घासीदास संग्रहालय में रखा जाएगा ऐतिहासिक तंबूरा

कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री ने यह भी घोषणा की कि तीजन बाई द्वारा इस्तेमाल किया गया ऐतिहासिक तंबूरा अब महंत घासीदास संग्रहालय में सुरक्षित रखा जाएगा। संस्कृति विभाग उनकी स्मृतियों, कला और योगदान को संरक्षित करने के लिए विशेष पहल करेगा।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कलाकारों, साहित्यकारों और गणमान्य नागरिकों ने स्वर्गीय तीजन बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।